सुहाना सफ़र - 15(My trip to the Grindelwald , Switzerland - 15)

Lauterbrunnen से अपनी गाड़ी में चल कर हम अपने पड़ाव Grindelwald पहुंचे। यह जगह लगभग 3392 फीट ऊँचाई पर है। यहाँ पहुँचने के चार रास्ते हैं । एक सड़क मार्ग से जिससे लगभग चार से छह घण्टे लगते हैं, दूसरा Interlocken से वायर कार ( उड़न खटोले ) से जिससे 20 मिनट लगते है और तीसरा भी Lauterbrunnen से उडन खटोले से। 
जबकि पर्वतारोही साहस भरा पैदल का रास्ता अपनाते हैं, जिसमें बीच की पगडंडियों के रास्ते से लगभग 6-8 घंटे में पहुँचा जा सकता है।
पर हमने वायर कार से जाना मुनासिब समझा। बाकी तीन हमारे बस के भी नहीं थे। इसका फायदा यह भी रहा कि बाकी तीन यात्राओं के आनंद भी हमें यहीं से देखने को मिले। उड़न खटोला ज्यों -ज्यों ऊपर बढ़ता जा रहा था त्यों - त्यों हमें ऊंची- ऊंची पर्वत चोटियां जो बर्फ से ढकी थी उनके दीदार तो हो रहे थे साथ- साथ रास्ते की प्राकृतिक सुंदरता से भरी पहाडियाँ और उन पर घास चरती गाय और बकरियां जगह -जगह दिखाई दे रहीं थीं। दूध देने वाले जानवरों से मुझे बचपन से ही लगाव रहा है। इसका एक मुख्य कारण तो यह भी रहा कि मेरे बचपन से ही घर में गाय - भैंस रही हैं। दूध, मक्खन, लस्सी और  घी की खूब मौज रहती थी। हमारा प्रांत हरियाणा तो दूध - दही के देस के नाम से ही जाना जाता है। परंतु यहाँ वहाँ से बिल्कुल अलग है। पशुओं के लिए खुले चारागाह हैं जहाँ वे खूब चरते हैं और इसी तरह से दूध, दही और पनीर की तो बहुतायत है। दूसरे मायने में कहूँ तो बेशक गाय यहाँ एक जानवर ही है और माता अथवा राष्ट्रीय पशु घोषित होने  की दरकार नहीं करती परंतु यह यहाँ अघोषित राष्ट्रीय पशु है।
    रास्ते में ही हमें झरनों की श्रृंखला देखने को मिली। कुल 72 झरने यहाँ बहते हैं और पर्वतारोहिओं के झुंड के झुंड हमे देखने को मिले। हम बेशक Lauterbrunnen से वायर कार में सवार हुए परंतु Interlocken से वायर कार आती भी देखी और सड़क मार्ग से घुमावदार रास्तों से आती जाती गाड़ियां भी।
 Grindelwald हमारा पहला पड़ाव था। बेशक यह एक छोटा सा एक गाँव है परंतु हर वस्तु और सहूलियत यहाँ है। इसे पर्वतारोहण का गेटवे भी कहा जाता है। वायर कार से उतरते ही कुछ दूर चल एक पर्वतीय रेस्तरां पिज़ गुलेरीया वैन ब्रांड के नाम से है जिसे बढ़िया मेहमाननवाजी की वज़ह से जाना जाता है।
    यहाँ बने मकान, दुकानें , स्कूल और दूसरी सभी जगह मन को आकर्षित करते हैं। यहाँ एक और चीज़ देखने को मिली जो हरेक से अलग और बेहतरीन है। जिसकी चर्चा अगले लेख में करूंगा।
Ram Mohan Rai,
Grindelwald , Switzerland.
03.06.2024

Comments

Popular posts from this blog

Gandhi Global Family program on Mahatma Gandhi martyrdom day in Panipat

Global Youth Festival, 4th day ,Panipat/05.10.2025. Sant Nirankari Mission/National Youth Project/Gandhi Global Family

पानीपत की बहादुर बेटी सैयदा- जो ना थकी और ना झुकी :