बर्लिन का सीनियर सिटीजन होम : सक्रिय वृद्धावस्था का प्रेरणादायी मॉडल / 27.07.2027
बर्लिन का सीनियर सिटीजन होम : सक्रिय वृद्धावस्था का प्रेरणादायी मॉडल बर्लिन प्रवास के दौरान मुझे जर्मनी की सामाजिक व्यवस्था को निकट से देखने का एक अत्यंत प्रेरणादायी अवसर प्राप्त हुआ। हमारे मेजबान श्री राजेन्द्र चोपड़ा ने बताया कि वे और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मीता चोपड़ा सप्ताह में चार-चार घंटे स्थानीय सीनियर सिटीजन होम (Senior Citizens' Centre) में स्वैच्छिक सेवा (Voluntary Service) करते हैं। यह जानकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई कि भारतीय मूल के लोग अपने कर्म और सेवा-भाव से जर्मन समाज में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। जिस दिन हम वहाँ गए, उस दिन श्रीमती मीता चोपड़ा की सेवा-पाली थी। वे प्रातः ही अपने दायित्व के निर्वहन के लिए केंद्र पहुँच गईं। कुछ समय बाद मैं, मेरी पत्नी तथा श्री राजेन्द्र चोपड़ा बस द्वारा वहाँ पहुँचे। भवन के बाहर लगा बोर्ड देखकर ज्ञात हुआ कि यह केंद्र बर्लिन के टेम्पेलहोफ़-शोनेबर्ग (Tempelhof–Schöneberg) जिला प्रशासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित है। जर्मन भाषा में इसे Seniorenfreizeitstätte अर्थात वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन एवं गतिविधि केंद्र कहा जात...