" कृष्णावतारम" फिल्म समीक्षा

हाल ही में " कृष्णावतारम" फिल्म को पीवीआर थियेटर, पानीपत में देखने का अवसर मिला। यह केवल एक पौराणिक फिल्म भर नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों, प्रेम, नारी-शक्ति और धर्म के गूढ़ पक्षों को आधुनिक दृष्टि से प्रस्तुत करने का एक अत्यंत सराहनीय प्रयास है। फिल्म की कथा भगवान श्रीकृष्ण के बाल्यकाल, वृन्दावन, गोकुल और ब्रज की रासलीलाओं से आरम्भ होकर उनके विराट एवं लोककल्याणकारी स्वरूप तक पहुँचती है।
महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती ने भगवान श्रीकृष्ण को “आप्त पुरुष” कहा था — अर्थात ऐसा व्यक्तित्व जिसने जीवन भर कोई पाप नहीं किया। यह फिल्म उसी दृष्टि को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। सामान्यतः श्रीकृष्ण के चरित्र को केवल प्रेम-लीलाओं तक सीमित कर देखा जाता है, किन्तु इस फिल्म का कथानक उनके नीति, धर्म, करुणा, दूरदर्शिता और लोकमंगलकारी व्यक्तित्व को भी समान गहराई से उद्घाटित करता है।
फिल्म में राधारानी के शाश्वत प्रेम के साथ-साथ रुक्मिणी और विशेष रूप से सत्यभामा के चरित्र को जिस गंभीरता और गरिमा के साथ चित्रित किया गया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। सत्यभामा केवल एक पौराणिक पात्र के रूप में नहीं उभरतीं, बल्कि वे साहस, स्वाभिमान, बुद्धिमत्ता, नारी-गरिमा और सत्य के प्रतीक के रूप में सामने आती हैं। उनका चरित्र यह संदेश देता है कि “सत्य ही ईश्वर है” और नारी केवल प्रेम एवं करुणा का ही नहीं, बल्कि शक्ति, विवेक और नेतृत्व का भी स्वरूप है।

विशेष रूप से सत्यभामा की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति ने अपने अभिनय से इस पात्र को जीवंत कर दिया है। उनके संवाद, भाव-भंगिमा, आत्मविश्वास और प्रस्तुति में एक स्वाभाविक गंभीरता एवं आध्यात्मिक संवेदना दिखाई देती है। उन्होंने अपने अभिनय के माध्यम से सत्यभामा के साहस, दूरदर्शिता और भावनात्मक गहराई को अत्यंत प्रभावी रूप से अभिव्यक्त किया है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि उनका अभिनय इस फिल्म की आत्मा बनकर उभरता है। एक कलाकार के भीतर जो संवेदनाएँ, संस्कार और अनुभूतियाँ होती हैं, उन्हें उन्होंने अत्यंत परिपक्वता के साथ अभिव्यक्त किया है।

फिल्म के निर्देशक और निर्माता भी साधुवाद के पात्र हैं, जिन्होंने पौराणिक कथा को केवल भव्यता तक सीमित न रखकर उसे वैचारिक और मानवीय धरातल पर प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट निर्देशन, प्रभावशाली संवाद, सशक्त संगीत और सभी कलाकारों का संतुलित अभिनय इस फिल्म को विशेष बनाता है।

मैं फिल्म के निर्माता, निर्देशक एवं समस्त कलाकारों को इस उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए हार्दिक बधाई और साधुवाद प्रेषित करता हूँ। विशेष रूप से सत्यभामा की भूमिका निभाने वाली युवा अभिनेत्री संस्कृति को अपनी पुत्रीवत शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद देता हूँ कि उनकी यह प्रभावशाली शुरुआत उन्हें कला-जगत में नए आयाम प्रदान करेगी। उन्होंने कला को केवल अभिनय तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे एक वैचारिक और व्यावहारिक दृष्टि भी दी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे निरंतर सफलता, सम्मान और नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करें।
राम मोहन राय 
24.05.2026
nityanootan.blogspot.com

Comments

Popular posts from this blog

Global Youth Festival, 4th day ,Panipat/05.10.2025. Sant Nirankari Mission/National Youth Project/Gandhi Global Family

पानीपत की बहादुर बेटी सैयदा- जो ना थकी और ना झुकी :

Global Youth Festival, Panipat, .Some glimpses of 3rd day./04.10.2025. National Youth Project, Gandhi Global Family, Sant Nirankari Mission