वसुधा बेन : गांधी विचार परिवार की एक ममतामयी माँ

वसुधा बेन : गांधी विचार परिवार की एक ममतामयी माँ

ईश्वरभाई पटेल के साथ हरिजन सेवा और खादी के कार्यों में समर्पित जीवन; अनेक गांधीवादी कार्यकर्ताओं को माँ जैसा स्नेह देने वाली एक प्रेरणादायी विभूति।

कुछ लोग केवल अपने परिवार के नहीं होते, वे अपने स्नेह, वात्सल्य और सेवा भावना से एक बड़े परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। वसुधा बेन ऐसी ही एक आत्मीय और ममतामयी महिला थीं।

वसुधा बेन केवल जयेश भाई पटेल और अपने अन्य बच्चों की माँ नहीं थीं, बल्कि गांधी विचार और रचनात्मक कार्यों के प्रवाह में लगे हम जैसे असंख्य कार्यकर्ताओं के लिए भी माँ के समान थीं। उनके निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित और शोकाकुल है। आज ऐसा महसूस हो रहा है जैसे हमने अपने परिवार की एक ऐसी बुजुर्ग माँ को खो दिया है, जिनका स्नेह और आशीर्वाद हमेशा हमारे साथ रहा।

उन्हें ईश्वरभाई पटेल जैसे जीवनसाथी मिले और दोनों ने मिलकर हरिजन सेवा, खादी तथा गांधीजी के रचनात्मक कार्यक्रमों के लिए जो उल्लेखनीय कार्य किया, वह हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। ईश्वरभाई पटेल गांधीवादी विचारधारा के समर्पित साधक थे और वसुधा बेन ने जीवन भर उनके कार्यों में जिस आत्मीयता, निष्ठा और मौन समर्पण के साथ सहयोग किया, वह अपने आप में एक मिसाल है।

मेरा ईश्वरभाई पटेल और वसुधा बेन से परिचय वर्ष 1986 में हुआ। उस समय मैं दीदी निर्मला देशपांडे जी के संपर्क में आया था। दीदी चाहती थीं कि मैं गांधीजी के रचनात्मक कार्यक्रमों और समाजसेवा के विभिन्न आयामों का प्रशिक्षण प्राप्त करूँ। इस उद्देश्य से उन्होंने जिन प्रमुख गांधीवादी कार्यकर्ताओं से मेरा परिचय करवाया, उनमें ईश्वरभाई पटेल अग्रणी थे।

इसके बाद दिल्ली में दीदी के निवास पर अनेक बार ईश्वरभाई और वसुधा बेन से मिलने का अवसर मिला। वसुधा बेन का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सहज और वात्सल्य से परिपूर्ण था। उनसे मिलकर कभी ऐसा महसूस नहीं होता था कि हम किसी बड़े गांधीवादी परिवार के बीच बैठे हैं। उनका अपनापन और स्नेह हर औपचारिकता को समाप्त कर देता था।

वर्ष 1993 का एक संस्मरण आज विशेष रूप से याद आ रहा है। द्वारिकापुरी में हरिजन सेवक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई थी। दीदी निर्मला देशपांडे जी की कृपा से मुझे भी उसमें शामिल होने का अवसर मिला। उस पूरे आयोजन की मुख्य कार्यवाहक वसुधा बेन थीं। इतने बड़े आयोजन की जिम्मेदारी संभालते हुए भी वे स्वयं को कभी आगे नहीं रखती थीं। ऐसा लगता था मानो फूलों की पूरी माला को एक सूत्र में पिरोने वाला धागा हों, जो दिखाई तो नहीं देता, लेकिन जिसके बिना माला का अस्तित्व संभव नहीं है।

उस बैठक में मैं सबसे कम आयु का प्रतिभागी था। शायद इसी कारण वसुधा बेन मेरा विशेष ध्यान रखती थीं। मैं भी एक छोटे बच्चे की तरह उनके आसपास ही रहता था। वे मुझे अपने साथ पोरबंदर, हर्षद माता और अहमदाबाद तक ले गईं। वे दिन मेरे जीवन के अविस्मरणीय अनुभवों में शामिल हैं।

उस यात्रा में महात्मा गांधी की पौत्रवधू और बापू के जीवन के अंतिम क्षणों की साथी एवं साक्षी आभा बेन भी हमारे साथ थीं। उनके सान्निध्य में गांधीजी के जीवन, विचारों और संघर्षों को निकट से समझने का अवसर मिला। वसुधा बेन का स्नेह, आभा बेन का साथ और दीदी निर्मला देशपांडे जी की प्रेरणा से प्राप्त वे क्षण आज भी मेरी स्मृतियों में जीवंत हैं।

इसके बाद तो ईश्वरभाई और वसुधा बेन के साथ मिलना-जुलना लगातार बना रहा। समय बीतता गया, लेकिन उनके स्नेह में कभी कमी नहीं आई।

बाद में जब मेरी बेटी का स्थानांतरण अहमदाबाद हो गया और वहाँ जाना होने लगा, तो जयेश भाई पटेल से मिलने जाना स्वाभाविक था। हर बार वसुधा बेन का आशीर्वाद और स्नेह प्राप्त होता। उनके पास बैठना, उनसे बातें करना और उनका हालचाल जानना अपने परिवार के किसी बड़े सदस्य के पास बैठने जैसा अनुभव था।

आज जब उनके निधन का समाचार मिला है तो जीवन के वे तमाम दृश्य एक-एक करके आँखों के सामने आ रहे हैं। उनकी सरल मुस्कान, आत्मीय व्यवहार, कार्यकर्ताओं के प्रति चिंता और सबको अपनेपन से जोड़ने की अद्भुत क्षमता बार-बार याद आ रही है।

आजकल मैं अपनी पत्नी के साथ अमेरिका प्रवास पर हूँ। हजारों किलोमीटर दूर होने के कारण इस दुख की घड़ी में जयेश भाई और परिवार के बीच उपस्थित नहीं हो पा रहा हूँ, लेकिन मन लगातार उन्हीं स्मृतियों में डूबा हुआ है। सचमुच, आज हृदय रो रहा है।

वसुधा बेन जैसी महिलाएँ किसी पद, प्रतिष्ठा या प्रचार से बड़ी नहीं बनतीं। वे अपने व्यवहार, समर्पण, ममता और निःस्वार्थ सेवा से लोगों के हृदय में स्थान बनाती हैं। उन्होंने ईश्वरभाई के साथ मिलकर गांधीजी के विचारों को केवल अपने जीवन में ही नहीं उतारा, बल्कि अनेक पीढ़ियों के रचनात्मक कार्यकर्ताओं को भी स्नेह और प्रेरणा दी।

उनका जाना केवल एक परिवार की क्षति नहीं है, बल्कि संपूर्ण गांधीवादी और रचनात्मक कार्यकर्ता परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

माँ वसुधा बेन! आपकी स्मृतियाँ हमारे हृदय में सदैव जीवित रहेंगी। आपका वात्सल्य, आपका स्नेह और आपका आशीर्वाद हम सबको आगे भी प्रेरित करता रहेगा।

आपको शत-शत नमन और भावभीनी श्रद्धांजलि।

जयेश भाई पटेल तथा परिवार के सभी सदस्यों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएँ।

ॐ शांति।


राम मोहन राय
अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय, भारत
महासचिव, गांधी ग्लोबल फैमिली
निदेशक, निर्मला देशपांडे संस्थान, पानीपत

Nityanootan – नित्यनूतन
https://nityanootan.blogspot.com

Comments

Popular posts from this blog

Report of ‘Aaghaz-e-Dosti Aman Yatra 2026’ Begins from Rajghat with a Message of Peace, Unity and Friendship (English-Hindi)

निरंकारी विवाह पद्धति- हमारा प्रत्यक्ष अनुभव

बाबू मूल चंद जैन की विरासत का पुनर्पाठ